द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की 244 रनों से हार के बाद हेड कोच गौतम गंभीर, भारतीय बल्लेबाजों से खफा हैं। उन्होंने कहा कि मैं बहुत चिंतित हूं। गौतम गंभीर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसी कोई गेंद नहीं होती, जिसे खेला नहीं जा सके। बल्लेबाज को प्रत्येक गेंद को खेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। गौतम गंभीर ने बल्लेबाजों को संबोधित करते हुए कहा कि आप यह जानते हैं कि न्यूजीलैंड में परिस्थितियां कैसी होगी। न्यूजीलैंड में नए बॉल के साथ तेज गेंदबाजी हमेशा चुनौतीपूर्ण होती है। गौतम गंभीर ने कहा कि भारतीय गेंदबाजों को भी नये बॉल के साथ इस पिच पर मदद मिली थी।
Gautam Gambhir minces no words following India's loss to New Zealand in the 4th ODI #NZvIND https://t.co/5NE4a0H156
— Cricbuzz (@cricbuzz) November 13, 2026
महज 89 रनों पर सिमट गई भारतीय टीम
गौतम गंभीर ने कहा कि पूरी टीम का महज 90 रनों के भीतर सिमट जाना निश्चित रूप से चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात इसलिए भी है, क्योंकि हमें वर्ल्ड कप में ऐसी ही परिस्थितियों में अहम मुकाबले खेलने हैं। गौतम गंभीर ने कहा कि जब आप भारत में खेलते हैं तो वहां बॉलर्स के लिए पिच पर शायद ही कुछ होता है, लेकिन विदेशी पिचों पर गेंद और बल्ले के बीच अच्छा मुकाबला होता है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ 244 रनों से मिली हार
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम 244 रन से हार गई। न्यूजीलैंड के दिए 333 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी भारतीय टीम महज 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड की खौफनाक गेंदबाजी का आलम ऐसा था कि पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर बिना खाता खोले आउट हो गए। शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में मौका पाने वाले ऋतुराज गायकवाड़ भी केवल 5 रन ही बना सके। ईशान किशन ने 27 रन बनाए तो वहीं अक्षर पटेल और नमन धीर ने 21-21 रनों की पारी खेली।